कपूरथला में महिला से लाखों की ठगी:हिप्नोटाइज किया, 4 लाख नकद और 15 तोला सोना ले गए, ढाई घंटे बाद आया होश

पंजाब में कपूरथला के सिविल अस्पताल के पास एक महिला के साथ बड़ी ठगी की गई। अरियांवाल गांव की रहने वाली आशा रानी को एक बाबा और एक महिला ने मिलकर हिप्नोटाइज कर साढ़े 4 लाख रुपए नकद और 15 तोले सोने के गहने लूट लिए। घटना शनिवार दोपहर की है। आशा रानी दवाई लेने सिविल अस्पताल आई थीं। मेडिकल स्टोर पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने उनसे पता पूछा। जब वह दवाई लेकर लौट रही थीं, तब एक महिला ने उन्हें रोका। महिला ने बाबा की तारीफ की और कहा कि बाबा बहुत करनीवाले हैं। शुरू में आशा रानी ने मना किया। फिर बाबा और महिला ने उन्हें पैसे कई गुना बढ़ाने का लालच दिया। तीनों ई-रिक्शा में आशा रानी के घर पहुंचे। रास्ते में बाबा कथित मंत्र पढ़ता रहा और हाथ पर फूंक मारता रहा। बैंक लॉकर से मंगवाए गहने महिला के घर पहुंच कर बाबा ने उसको कहकर विभिन्न अलमारी में रखे साढ़े 4 लाख रूपए निकलवा कर एक लिफाफे में रखवा लिए और सोने के गहने भी निकालने के लिए भी कहा। जिस पर महिला ने बाबा से कहा कि गहने तो बैंक के लॉकर में पड़े हैं। तो बाबा ने बैंक लॉकर की चाबी ले जाकर बैंक से गहने निकाल कर देने के लिए महिला को मना लिया। इसके बाद वह सभी ई-रिक्शा से सिविल अस्पताल के नजदीक पंजाब नेशनल बैंक आ गए और पीड़ित महिला ने खुद अपने बैंक लॉकर से लगभग 15 तोले सोने के गहने निकाल कर उक्त बाबा तथा उसकी साथी महिला को दे दिए। जिसके बाद बाबा और महिला एक अन्य बाइक सवार के साथ मौके से फरार हो गए। लगभग साढ़े 3 बजे पीड़ित महिला आशा रानी को अपने साथ लाखों की लूट होने का एहसास हुआ। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। वहीं, डीएसपी सब-डिवीजन दीपकरण सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान पर थाना सदर में फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरे खंगालते हुए आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *