कपूरथला में एक स्नैचर स्कूटी पर घर लौट रही महिला की बालियां झपटने लगा। इतने में लोगो ने नकाबपोश बाइक सवार बदमाश को काबू कर लिया। जिसके बाद सिटी थाना पुलिस ने स्नैचर के खिलाफ थाना सिटी में FIR दर्ज कर ली है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसकी पुष्टि थाना सिटी -2 के SHO मनजीत सिंह ने की है। मोहब्बत नगर निवासी पीड़ित सतिंद्रपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सर्कुलर रोड पर औजला फाटक की तरफ से अपने घर इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर लौट रहा था, इस दौरान पीछे से बाइक नंबर PB-08- EV-6101 पर आ रहे एक युवक जिसने मुंह कपड़े से बांध रखा था, ने उसके बराबर आकर उसकी माता के कानों से बाली झपटने की कोशिश की, पर वह सफल नहीं हुआ। इस दौरान पीछे से आ रहे एक छोटे हाथी (पिकअप) ड्राइवर ने बाइक को पीछे से हल्की सी टक्कर मार दी। जिसके चलते बाइक सवार नीचे गिर गया। जहां राहगीरों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को फोन कर दिया। मौके पर पहुंचे ASI मंगल सिंह ने बताया कि बाइक सवार स्नैचर को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान संदीप कुमार उर्फ पिंका निवासी गांव वरियाणा गांव मकसूदां जिला जालंधर के रूप में हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 2 दिन की रिमांड पर लिया गया है।


