कपूरथला के सुलतानपुर लोधी सब डिवीजन के तलवंडी चौधरी क्षेत्र में एक विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर पति और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ससुर की तलाश जारी है। जांच अधिकारी एएसआई हरजिंदर सिंह ने बताया कि 5 मार्च को तलवंडी चौधरी क्षेत्र में मोनिका विद्वान पत्नी परमजीत सिंह ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतका की मां के बयान के आधार पर केस दर्ज पोस्टमार्टम के बाद मृतका की माता आशा रानी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उनकी बेटी मोनिका को पति परमजीत सिंह और ससुर रतन सिंह द्वारा परेशान किया जाता था। उन्होंने यह भी कहा कि मोनिका को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया गया। एएसआई हरजिंदर सिंह के अनुसार, मृतका की माता के बयान के आधार पर परमजीत सिंह और रतन सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी पति परमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। ससुर रतन सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी पति को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।


