कपूरथला में 26 जनवरी 2025 को 19वां और 20वां वार्षिक ऑल ब्रीड डॉग शो का आयोजन किया जा रहा है। यह शो पुष्पा गुजराल साइंस सिटी में होगा। इसमें आम लोगों को घरेलू पशुओं की जैविक विविधता और उनके जीन पूल की जानकारी देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। शो के कोऑर्डिनेटर डॉ. मोनिश सोइन के अनुसार, इस प्रतिष्ठित आयोजन में जर्मन शेफर्ड, लैब्राडोर रिट्रीवर, डॉबरमैन पिंसर, अमेरिकन बुलडॉग, बॉक्सर, रॉटविलर और ग्रेट डेन सहित 35 से अधिक प्रजातियों के 300 से ज्यादा कुत्ते अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए तीन विशेषज्ञ जजों की नियुक्ति की गई है – अमृतसर से एएसआई भिंडर, उदयपुर से हिमांशु व्यास और गाजियाबाद से राजीव चौधरी। कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़ से इंडियन केनेल क्लब के अधिकृत प्रतिनिधि श्री एचएस औलख और डॉ. अंकित छिब्बर की देखरेख में केसीआई सिंगल डॉग रजिस्ट्रेशन कैंप भी लगाया जाएगा। यह आयोजन न केवल कुत्तों के प्रेमियों के लिए बल्कि पशु विविधता में रुचि रखने वाले सभी लोगों के लिए एक अनूठा अवसर होगा।


