कबड्डी और रस्साकशी में युवाओं ने दिखाया जोश:खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन; विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान

झालावाड़ में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत झालावाड़ द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल समापन हो गया है। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए विजेता युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में झालरापाटन, सुनेल, खानपुर और मनोहरथाना ब्लॉकों की टीमों ने हिस्सा लिया। कबड्डी 100 मीटर व 200 मीटर दौड़ और रस्साकशी जैसे खेलों में युवाओं ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार पाटीदार ने विजेता टीमों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिला युवा अधिकारी के नेतृत्व में माय भारत झालावाड़ द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। पाटीदार ने कहा कि युवा देश की वास्तविक शक्ति हैं और उन्हें राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए आगे आना चाहिए। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़ ने माय भारत झालावाड़ से जुड़े सभी युवा मंडलों और उनके सदस्यों का कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से माय भारत से जुड़ने का आह्वान किया। जांगिड़ ने युवाओं को वर्तमान में संचालित “विकसित भारत बजट क्विज़–2026” में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया, जिसके विजेताओं को प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिलेगा। सभी विजेता प्रतिभागियों को माय भारत झालावाड़ की ओर से स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त माय भारत की गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा मंडलों को खेलकूद सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन मनीष सेन ने किया। शिक्षा विभाग की ओर से नियुक्त शारीरिक शिक्षकों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर भारत कुमार (खानपुर), गायत्री (झालरापाटन), हरिवल्लभ एपीए, विनोद कुमार, गिरीश कुमार, सुनीता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और युवा उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *