हनुमानगढ़ में माय भारत केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन राजीव गांधी स्टेडियम में किया गया। इसमें जिले के विभिन्न ब्लॉकों से चयनित खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और एथलेटिक्स में भाग लिया। खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य मेहमान पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के तहसीलदार राधेश्याम टाक थे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. एमपी शर्मा और जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह विशिष्ट मेहमान के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल ने की। मुख्य मेहमान राधेश्याम टाक ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान किया। उन्होंने खेलों को अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का आधार बताया। अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खेल इसे रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और युवाओं से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। डॉ. एमपी शर्मा ने युवाओं को नशे से बचने के लिए सकारात्मक सोच वाले लोगों के साथ रहने और अपनी ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की सलाह दी। नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने माय भारत केंद्र की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जबकि जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति सदस्य दलीप वर्मा ने केंद्र द्वारा संचालित खेल एवं युवा गतिविधियों पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में कबड्डी और खो-खो में पीलीबंगा की टीम विजेता रही, जबकि हनुमानगढ़ टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन के अलावा, एथलेटिक्स में 100, 200 और 400 मीटर महिला-पुरुष दौड़ तथा लंबी कूद के मुकाबले आयोजित किए गए। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान 30 युवा मंडलों को खेल सामग्री भी वितरित की गई। इस अवसर पर योगेंद्र सिंह, विजय मोयल, खेतपाल बिश्नोई, महेंद्र सिहाग, डॉ. कंचन मुजराल, देवेंद्र पूनिया, बलकरण सिंह, ओम सैन और अंग्रेज सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।


