कबीरधाम में 8 हजार से ज्यादा आवासों का निर्माण जारी

भास्कर न्यूज | कवर्धा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कबीरधाम जिले के 8808 लाभार्थियों को अपने घर का सपना पूरा होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक के ग्राम मोहभट्टा में महा गृह प्रवेश कार्यक्रम में प्रदेशभर के हितग्राहियों को उनके घर की चाबी सौंपेंगे। इस दौरान कबीरधाम जिले के लाभार्थी भी सामूहिक गृह प्रवेश करेंगे। जिले में आवास निर्माण कार्य तेजी से जारी है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने समय-सीमा बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष आवासों का निर्माण तय समय में पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। जिला पंचायत सीईओ अजय त्रिपाठी ने बताया कि जिले को 8808 आवास पूर्ण करने का लक्ष्य मिला है। इनमें से 5469 आवास पूरे हो चुके हैं। शेष 3339 आवासों का निर्माण 30 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। 5469 आवास पूरा करने का दावा: बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले को 42,701 आवासों का लक्ष्य मिला है। अब तक 5469 आवास पूरे हो चुके हैं। पहली किस्त 25,101 हितग्राहियों को, दूसरी किस्त 15,603 हितग्राहियों को और तीसरी किस्त 3,214 हितग्राहियों को जारी की गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पहली किस्त जारी होने के बाद 8289 आवासों का निर्माण जल्द शुरू किया जाए। धरती आभा यात्रा के बारे में जानकारी ली, समीक्षा धरती आभा योजना की प्रगति की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले के समग्र विकास के लिए 275 ग्रामों की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। दक्षता विकास योजना के तहत ग्राम पंचायत भवनों की मरम्मत, फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा हुई। जिले में 39 स्वीकृत कार्यों में से 36 कार्य प्रगति पर हैं। सभी कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए विधायक निधि और प्रभारी मंत्री मद से स्वीकृत विकास कार्यों की भी समीक्षा हुई। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में 379, पंडरिया में 119 और प्रभारी मंत्री मद से स्वीकृत 67 कार्य प्रगति पर हैं। कलेक्टर ने सांसद, प्रभारी मंत्री और विधायकों के कार्यालयों से प्राप्त स्वीकृति आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में जिले के अधिकारी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *