रीवा में भाजपा नेता और व्यापारी जयंत खन्ना के घर सोलर प्लेट की सफाई के दौरान युवक की मौत का मामला सामने आया है। हादसे में सोलर तकनीशियन आशीष गौतम की करंट लगने और छत से गिरने के कारण मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आशीष गौतम अपनी छोटी सोलर कंपनी चलाता था। वह भाजपा नेता के घर सोलर प्लेट साफ करने गया था। सफाई के दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और संतुलन बिगड़ने पर छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। पहले हत्या की आशंका, अब मेडिकल रिपोर्ट से खुलासा
घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया था कि पहले मारपीट कर युवक को जलाया गया और बाद में शव फेंक दिया गया।
हालांकि 24 घंटे बाद सामने आई मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत करंट लगने और ऊंचाई से गिरने के कारण हुई। पुलिस के अनुसार मामला हादसा ही है। परिजनों का आरोप
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद जयंत खन्ना ने आशीष को अस्पताल नहीं पहुंचाया। कंपनी के कर्मचारियों ने उसके छोटे भाई को सूचना दी, जिसके बाद भाई उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। घायल अवस्था में आशीष को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में शोक, आरोपों से इनकार
घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं भाजपा नेता जयंत खन्ना और उनके परिवार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है।


