करतारपुर बाजार में भार ढोने वाली गाड़ी में आए चोर, डेढ़ घंटे में 7 दुकानें खाली कर गए

भास्कर न्यूज | जालंधर/करतारपुर करतारपुर जीटी रोड स्थित बाजार में वीरवार देर रात भार ढोने वाली गाड़ी में सवार होकर आए तीन चोरों ने सड़क किनारे स्थित 7 दुकानों को एक साथ निशाना बना लिया। करीब डेढ़ घंटे तक बेखौफ चोरों ने एक-एक कर सभी दुकानों के शटर और ताले तोड़ दिए। हालांकि, सबसे अधिक नुकसान एक स्पेयर पार्ट की दुकान को हुआ है, जहां से चोर करीब साढ़े 4 लाख रुपए का कीमती सामान ले गए। वारदात देर रात करीब 1:30 बजे से 3 बजे के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के लोगों से मिली सूचना के मुताबिक, चोर एक भार ढोने वाली गाड़ी में सवार होकर आए थे। पहले उन्होंने रेकी की और फिर सुनसान माहौल का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने डॉक्टर महिंदरजीत की क्लीनिक, जगदीश शॉकर रिपेयर, अनमोल टैंट हाउस, मिर्च-मसाले की दुकान, एक बैटरी शॉप और दो स्पेयर पार्ट की दुकानों के शटर तोड़ दिए। हालांकि सातों दुकानों में तोड़फोड़ की गई, लेकिन सबसे बड़ी चोरी जगदीश शॉकर रिपेयर में हुई। दुकान के मालिक जगदीश ने बताया कि सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ था और अंदर का सारा कीमती स्पेयर पार्ट का सामान गायब था। उनके अनुसार, चोर शॉकर, महंगे ऑटो पार्ट्स और अन्य कीमती सामान ले गए, जिससे उन्हें करीब साढ़े 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर वारदात को अंजाम देने के बाद उसी मालवाहक वाहन में फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में रोष है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *