भास्कर न्यूज |करमाटाड़ करमाटाड़ थाना क्षेत्र के ताराबहाल गांव में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे, जब घर के सभी सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए थे, तभी घात लगाए चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया। चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और घर में रखी अलमारी को खंगाला और करीब 2 लाख 50 हजार रुपये नकद तथा लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गई नकदी बेटी की शादी के लिए कर्ज लेकर घर में रखी गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के होश उड़ गए। शादी की तैयारियों के बीच इस वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। आसपास की कई दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही पुलिस दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी की आवश्यकता है। इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास की कई दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।


