भास्कर न्यूज | करमाटांड़ जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर में सोमवार को एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ने को लेकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने एक अनजान युवक को इधर-उधर घूमते देखा, जिसके व्यवहार पर संदेह होने पर ग्रामीणों ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की। युवक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर लोगों का शक गहरा गया और देखते ही देखते दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर दी। इसी बीच सूचना मिलते ही आसपास के लोग और रेलवे स्टेशन की ओर से कर्मी भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से युवक को काबू में किया गया और उसे पकड़कर रेलवे स्टेशन कार्यालय लाया गया, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम मोहम्मद सहीद अली, पिता सिराजुल हक, ग्राम संतनगर चौक, जिला पूर्णिया, थाना चनका, बिहार का निवासी बताया। हालांकि वह क्षेत्र में किस उद्देश्य से आया था, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इससे ग्रामीणों में और भी संदेह उत्पन्न हो गया। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और युवक के पते व पृष्ठभूमि का सत्यापन किया जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनी हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, लेकिन कानून को अपने हाथ में न लें। इस घटना के बाद शांति नगर और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।


