भोपाल में आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा केस में आयकर विभाग अब उसके रिश्तेदारों की प्रॉपर्टी अटैच करने की तैयारी में है। जांच में सामने आया है कि मेंडोरी के जंगल में इनोवा कार में जो 52 किलो गोल्ड और 11 करोड़ कैश मिला था वह सौरभ का मौसेरा जीजा काफिले में लेकर गया था। जिस जगह गोल्ड और कैश से भरी इनोवा मिली वह प्रॉपर्टी भी सौरभ की मौसी सविता असवानी के बेटी के नाम पर है। मौसी और मौसेरे जीजा ने किए खुलासे
आयकर की जांच में सौरभ की मौसी सविता और उनके बेटे-बेटियों के अलावा सौरभ के मामा का भी पूरे मामले में बड़ा रोल सामने आया है। खास बात यह है कि कार में गोल्ड और कैश छिपाने की प्लानिंग में सविता का बेटा विनय असवानी भी शामिल था। जांच में सविता और विनय ने बड़े खुलासे किए हैं। दो फोटो में देखिए बरामद कैश और सोना… मौसेरा भाई इनोवा कार दो बार मेंडोरी लेकर गया
बताया जाता है कि विनय ही 19 दिसंबर 2024 को इनोवा कार को चार से पांच गाड़ियों के काफिले में दो बार मेंडोरी ले गया था। इसके बाद उसके लोग इस कार को लगातार वॉच कर रहे थे। जिस जगह पर गाड़ी जब्त की गई है वहां सिर्फ 3 फॉर्म हाउस हैं। उससे आगे जाने का कोई रास्ता भी नहीं है। रिश्तेदारों के यहां भी आईटी ने मारी थी रेड
सौरभ शर्मा के मामा की भूमिका भी सामने आने के बाद आयकर टीम ने उन्हें जांच के घेरे में लिया है। इसके पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भोपाल की टीम सौरभ के जीजा रोहित तिवारी (जबलपुर), सहयोगी शरद जायसवाल (भोपाल) और चेतन सिंह गौर (ग्वालियर) के ठिकानों पर छापेमारी कर 23 करोड़ रुपए की चल अचल संपत्ति जब्त कर चुकी है। ईडी इसकी जांच आयकर विभाग की जांच से अलग हटकर कर रही है। जिला पंजीयकों को लेटर लिखेगा आयकर विभाग
सौरभ शर्मा और उसके रिश्तेदारों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद आयकर विभाग सौरभ और रिश्तेदारों की प्रॉपर्टी अटैच करेगा। इसके लिए आयकर विभाग जल्द ही उन जिला पंजीयकों और सब रजिस्ट्रार को पत्र लिखने वाला है जहां यह प्रापर्टी मौजूद हैं। विभाग उन मामलों में भी कार्रवाई करने की तैयारी में हैं जहां सौरभ शर्मा का सीधा लिंक होने की जानकारी मिली है। इधर, सौरभ के सहयोगियों से ईडी ने की पूछताछ
ईडी की टीम ने सौरभ के दो सहयोगियों से पूछताछ की है। बताया जाता है कि यह सहयोगी आरटीओ के आरक्षक हैं जो सौरभ के काम में उसकी मदद करते थे। इनकी प्रॉपर्टी के भी जांच ईडी की टीम कर रही है। तीन एजेंसियों ने की थी छापे की कार्रवाई बता दें कि आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के यहां 9 दिन में तीन एजेंसियां ईडी, लोकायुक्त और आयकर विभाग ने छापे की कार्रवाई की थी। इस दौरान अब तक उसके पास 93 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी मिली है। इनमें कार में मिला 52 किलो सोना और 11 करोड़ कैश भी शामिल हैं। इधर,चेकपोस्ट पर वसूली की एक सूची वायरल
इधर चेकपोस्ट से हिसाब किताब को लेकर एक सूची वायरल हुई है। इसमें टीएम-टीसी कोड वर्ड में 38 चेकपोस्ट की राशि का जिक्र किया है। इस सूची में यह साफ नहीं है कि जो अमाउंट लिखा है वह हजार, लाख या करोड़ रुपए में है। इसे भी आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के मामले से जोड़ा जा रहा है। कहा जा रहा है कि सौरभ की डायरी में शामिल यह सूची है। इसमें हर चेकपोस्ट से आने वाली राशि का जिक्र है। साथ ही इसमें राशि आने, जमा किए जाने और शेष होने के साथ उसमें अलग से राशि मिलाए जाने की बात भी कही गई है। आयकर विभाग ने इस सूची के बारे में फिलहाल कुछ जानकारी नहीं दी है। वहीं लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौर ने भी सूची को लेकर किसी तरह की जानकारी से इनकार किया है। मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… RTO के पूर्व कॉन्स्टेबल के यहां मिले 2.85 करोड़ कैश भोपाल आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के यहां 1.15 करोड़ रुपए नकद, आधा किलो सोना, हीरे और 50 लाख रुपए के जेवरात, चांदी की सिल्लियां सहित प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिले हैं। जबकि उनके ऑफिस से 1.70 करोड़ रुपए कैश सहित प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिले हैं। लोकायुक्त की टीम ने सौरभ शर्मा के अरेरा कॉलोनी स्थित घर पर गुरुवार सुबह सर्चिंग शुरू की थी। यह कार्रवाई रात 12.30 बजे तक चली। पूरी खबर पढ़ें 7 साल में करोड़पति बने कॉन्स्टेबल की इनसाइड स्टोरी लोकायुक्त और इनकम टैक्स ने पूर्व ट्रांसपोर्ट कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के ठिकानों से 3 करोड़ कैश और 2 करोड़ कीमत की 2 क्विंटल चांदी की सिल्ली, 10 किलो चांदी के जेवर और 50 लाख का सोना बरामद किया है। सौरभ इस समय दुबई में है। दैनिक भास्कर ने जब एक मामूली से परिवहन कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के पूरे करियर की परिवहन विभाग के सीनियर अफसरों से बात कर पड़ताल की, तो पता चला कि नौकरी लगने से लेकर उसके इस्तीफा होने तक की पूरी स्टोरी में सरकार की बड़ी कृपा रही है। कहने को वह एक कॉन्स्टेबल था, लेकिन मंत्री और अफसरों का सबसे चहेता था। पूरी खबर पढ़ें ईडी को सौरभ के यहां मिली 23 करोड़ की प्रॉपर्टी भोपाल में आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के यहां 9 दिन में तीन एजेंसियां ईडी, लोकायुक्त और आयकर विभाग ने छापे मारे। कार्रवाई के दौरान अब तक उसके पास 93 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी मिली है। इनमें कार में मिला 52 किलो सोना और 11 करोड़ कैश भी शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें


