करौली कलेक्टर के नाम पर फर्जी कॉल-मैसेज:कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

करौली जिले में एक बार फिर जिला कलेक्टर के नाम और फोटो का सोशल मीडिया पर दुरुपयोग कर फर्जी कॉल और मैसेज किए जाने का मामला सामने आया है। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने बताया कि कुछ अज्ञात मोबाइल नंबरों और फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से लोगों से संपर्क किया जा रहा है। हाल ही एक अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर (+84906218294) से कॉल और मैसेज किए गए, जिस पर उनकी फोटो प्रोफाइल लगी हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नंबर और प्रोफाइल पूरी तरह फर्जी है और इसका उनसे कोई संबंध नहीं है। यह घटना सोशल मीडिया पर उनके नाम के दुरुपयोग का एक और उदाहरण है। जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात या अंतरराष्ट्रीय नंबर से आने वाले कॉल, मैसेज या वीडियो कॉल का जवाब न दें। ऐसे नंबरों के माध्यम से मांगी जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण या ओटीपी किसी भी स्थिति में साझा नहीं करें। मामले को लेकर पुलिस विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी संदिग्ध नंबर या प्रोफाइल को तुरंत ब्लॉक करें और उसकी रिपोर्ट करें। धोखाधड़ी या संदेहास्पद गतिविधि होने पर तत्काल नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। कलेक्टर ने जोर दिया कि साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सोशल मीडिया पर जिला कलेक्टर के फोटो के दुरुपयोग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *