करौली पुलिस ने ‘ऑपरेशन हंता’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। सदर थाना अधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक करौली के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हंता’ के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में, थाना सदर करौली पुलिस ने अवधेश सिंह और बलवीर उर्फ बल्ला नामक दो आरोपियों को पकड़ा है। ये दोनों हत्या के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से फरार थे। यह मामला थाना सदर करौली क्षेत्र के गांव रौडकला का है। यहां एक पुराने जमीनी विवाद को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। इस घटना में चंद्रपाल और पुष्पेंद्र को गोली के छर्रे लगने से गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल में भी रिकॉर्ड हुआ था। पीड़ित की रिपोर्ट पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया और एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों अवधेश सिंह और बलवीर उर्फ बल्ला को गढ़ी बांधवा बस स्टैंड से दस्तयाब किया। बाद में दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की जांच के लिए संबंधित अधिकारी को सौंपा गया। फिलहाल, आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी को लेकर गहन पूछताछ और अनुसंधान जारी है। पुलिस ने बताया कि ‘ऑपरेशन हंता’ के तहत जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


