करौली जिला मुख्यालय और आस पास के क्षेत्रों में घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। कोहरे और शीतलहर के कारण लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण दृश्यता 30 मीटर से भी कम रही। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और काम पर निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन ड्राइवरों को सुरक्षा के लिए हेडलाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा। कोहरे के साथ गिर रही ओस की बूंदों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी और हल्की बारिश की भी संभावना है। इस दौरान बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।


