करौली जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने एक व्यापक सर्च व एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान जिलेभर में 270 पुलिसकर्मियों की 65 टीमों ने 426 संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। अभियान में कुल 119 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें जघन्य मामलों के 3 वांछित आरोपी भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 14 स्थायी वारंटी, 8 गिरफ्तारी वारंटी, विभिन्न अधिनियमों के तहत दर्ज मामलों के 3 आरोपी और शांति भंग व चालानशुदा मामलों के 91 आरोपी शामिल हैं। यह कार्रवाई वांछित अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से की गई। अभियान के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज कर 15.03 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जब्त की गई स्मैक का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 3.05 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस ने आरोपी से एक मोबाइल फोन और तौलने का इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया। इसी क्रम में आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज कर एक अवैध एकनाली बंदूक के साथ एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त अवैध खनन के एक मामले में करीब 6 टन बजरी जब्त की गई। थाना स्तर पर की गई कार्रवाइयों में कुड़गांव, बालघाट, सदर करौली, कोतवाली करौली, हिण्डौन सिटी, मामचारी और टोड़ाभीम थाना क्षेत्रों में स्थायी वारंटियों, गिरफ्तारी वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों और पूर्व में चालानशुदा अपराधियों को पकड़ा गया। कई मामलों में वर्षों से फरार चल रहे इनामी बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया। शांति भंग की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में आरोपियों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया। साथ ही आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, आबकारी और अन्य गंभीर मामलों में पूर्व से चालानशुदा अपराधियों की सघन जांच कर उनकी वर्तमान गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस के इस समन्वित और सघन अभियान से जिले में अपराधियों में हड़कंप मचा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।


