जस्सियां रोड स्थित कुंज विहार इलाके में कर्ज के लेन-देन से मानसिक प्रताड़ना के चलते एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मृतक की पहचान अमिताभ कुमार निवासी कुंज विहार के रूप में हुई है। उनकी पत्नी उर्मिला देवी ने पुलिस को बताया कि 27 फरवरी को अमिताभ उन्हें और बच्चों को बिहार जाने के लिए ट्रेन में बिठाकर घर लौटे थे। लेकिन 28 फरवरी को फोन पर सूचना मिली कि उनके पति अब इस दुनिया में नहीं रहे। खबर मिलते ही वह रास्ते से वापस लुधियाना लौट आईं। पीड़िता के अनुसार, उनके पति ने बंटी नामक व्यक्ति से धागा खरीदा था, जिसकी कुछ पेमेंट बकाया थी। इसी रकम को लेकर आरोपी लगातार दबाव बना रहे थे। आरोप है कि मनीष कुमार, बंटी और अरविंद कुमार ने फैक्ट्री में घुसकर जबरदस्ती मशीनें खोलने और उखाड़ने की कोशिश की थी। अपनी मेहनत से खड़ी की गई फैक्ट्री की मशीनों को नुकसान पहुंचते देख और लगातार दबाव के चलते अमिताभ कुमार मानसिक रूप से टूट गए। इसी तनाव में उन्होंने फैक्ट्री परिसर में ही फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है और जांच जारी है।


