बीसीसीआई की ओर से आयोजित कर्नल सीके नायडू अंडर-23 मल्टी डे ट्रॉफी 2025-26 में छत्तीसगढ़ अंडर-23 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में खेला गया, जो ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी की बढ़त के आधार पर छत्तीसगढ़ को जीत मिली। राजस्थान ने जीता टॉस, पहले चुनी गेंदबाजी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में राजस्थान अंडर-23 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। छत्तीसगढ़ को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला। पहली पारी में छत्तीसगढ़ की टीम 100.3 ओवर में 286 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पहली पारी: छत्तीसगढ़ ने बनाए 286 रन मयंक वर्मा ने 81 रन और राहुल प्रधान ने 58 रन की अहम पारी खेली। दीपक यादव ने 36 रन और हर्ष यादव ने 24 रन का योगदान दिया। राजस्थान की ओर से गणेश सुथार और चेतन शर्मा ने 3-3 विकेट झटके, जबकि मोहित चांगड़ा को 2 विकेट मिले। राजस्थान की पहली पारी 181 रन पर सिमटी जवाब में राजस्थान अंडर-23 की टीम 75.5 ओवर में 181 रन पर ऑलआउट हो गई। सचिन यादव ने 75 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली और सुमित ने 28 रन बनाए। छत्तीसगढ़ के वरुण सिंह भुई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए। दूसरी पारी: मयंक और कप्तान दीपक की मजबूत बल्लेबाजी दूसरी पारी में छत्तीसगढ़ ने 102.2 ओवर में 284 रन बनाए। मयंक वर्मा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 90 रन बनाए, जबकि कप्तान दीपक यादव ने 84 रन की पारी खेली।
राजस्थान की ओर से चेतन शर्मा और गणेश सुथार ने 3-3 विकेट लिए। मैच ड्रॉ, लेकिन छत्तीसगढ़ को मिला फायदा लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने दूसरी पारी में 11 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 84 रन बना लिए थे। सुमित और दर्शन ने 21-21 रन बनाए। छत्तीसगढ़ के देव आदित्य सिंह ने 4 विकेट झटके। समय समाप्त होने के कारण मुकाबला ड्रॉ घोषित किया गया। सेमीफाइनल में पहुंचा छत्तीसगढ़ मैच ड्रॉ रहने के बावजूद पहली पारी की बढ़त के आधार पर छत्तीसगढ़ अंडर-23 टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मयंक वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।छत्तीसगढ़ का सेमीफाइनल मुकाबला 1 से 4 मार्च 2026 तक रायपुर में तमिलनाडु अंडर-23 टीम के खिलाफ खेला जाएगा।


