कर्नाटक और तमिलनाडु की सीमा पर स्थित कटपड़ी में पटरियों पर एक मजदूर का शव बरामद किया गया। वहीं मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान हुई। मृतक मजदूर की पहचान पाकुड़ जिले के सोनाजोड़ी पंचायत के मंगलपाड़ा निवासी 22 वर्षीय सोकेन मरांडी के रूप में हुई है। रोजगार के लिए गया था सोकेन सोकेन मरांडी रोजगार की तलाश में कटपड़ी गया हुआ था। वहां रेलवे ट्रैक पर अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। आरपीएफ की टीम ने मृतक के कपड़ों की तलाशी में मिले आधार कार्ड के आधार पर पाकुड़ नगर थाने को सूचना दी। थाना प्रभारी प्रयाग दास ने पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से परिजनों को खोजा और दुखद समाचार से अवगत कराया। पुलिस शव को वापस लाने की कोशिश में जुटी है। घर का इकलौता कमाऊ था सोकेन सोकेन अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। पिता की मृत्यु के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन पर थी। स्थानीय लोगों के अनुसार वह एक सीधा-साधा और मिलनसार व्यक्ति था। पाकुड़ जिले में रोजगार की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोग, विशेषकर आदिवासी समुदाय के लोग, अन्य राज्यों में काम करने जाते हैं।


