राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से की गई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024 के दस्तावेज सत्यापन की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग को मिली है। विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से मंडल स्तर पर दस्तावेज सत्यापन का काम किया जाएगा। बोर्ड ने विभाग को दस्तावेज सत्यापन के लिए 1,45,250 अभ्यर्थियों की सूची सौंपी है। शिक्षा विभाग के प्रदेश में 9 मंडल है। ऐसे में प्रत्येक मंडल को अनुमानित 16 हजार अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन करने होंगे। दस्तावेज सत्यापन का काम 9 मार्च से प्रारंभ होगा और 13 अप्रैल तक चलेगा। इन 36 दिनों में 22 दिन सत्यापन का काम होगा। बाकी दिन अवकाश के कारण सत्यापन नहीं होगा। बोर्ड ने 53750 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन किया था। पिछले दिनों इस भर्ती का प्रारंभिक परिणाम जारी किया गया था। इसमें पदों के मुकाबले दो गुणा अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए सूचीबद्ध किया गया था। कई अभ्यर्थियों के समान अंक होने के कारण दस्तावेज सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों की संख्या 1.45 लाख तक पहुंच गई। विभाग ने जारी किया टाइम टेबल, 9 मार्च से 13 अप्रैल तक होंगे दस्तावेज सत्यापन माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 24 फरवरी तक मंडल स्तर पर दस्तावेज सत्यापन करने वाली टीमों का गठन होगा। इसके बाद इन टीमों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिर 7 चरणों में सत्यापन होगा। जरूरत पड़ने पर 8वां चरण होगा। पहले चरण के दस्तावेज सत्यापन 9 से 13 मार्च तक होंगे। दूसरे चरण के 16 से 19 मार्च, तीसरे चरण के 23 से 25 मार्च तक, चौथे चरण के 27 मार्च को, पांचवे चरण के 30 मार्च को, छठा चरण के 1 से 2 अप्रैल तक और सातवें चरण में दस्तावेज सत्यापन 6 से 10 अप्रैल तक व 13 अप्रैल को होंगे। जरुरत पड़ने पर आठवां चरण 15 से 16 अप्रैल तक चलेगा। मंडल स्तर पर बनेगी टीमें; प्रत्येक मंडल को 16 हजार अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन करने होंगे। 30 टीमों का गठन होगा। हर टीम को हर दिन 25 अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन करने होंगे। सभी 9 मंडलों के अभ्यर्थियों की संख्या देखी जाए प्रतिदिन करीब 6750 अभ्यर्थियों के सत्यापन होंगे।


