लुधियाना| रंजिश के चलते एक कपड़ा व्यापारी पर उसके ही पुराने कर्मचारी ने जानलेवा हमला कर दिया। यह वारदात 27 फरवरी की रात किरपाल नगर की गली नंबर-7 में हुई। पीड़ित दुकानदार सनी प्रजापति, निवासी न्यू स्टार सिटी कॉलोनी ने बताया कि उनकी कपड़ों की दुकान किरपाल नगर इलाके में है। घटना के समय वह दुकान के बाहर खड़े थे, तभी उनका पूर्व कर्मचारी वहां पहुंचा। आरोपी ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर अचानक तेजधार हथियार निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले में सनी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल दुकानदार को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद पीड़ित ने थाना दरेसी की पुलिस को शिकायत दी। मामले की जांच कर रहे अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान शोएब मोहम्मद निवासी टिब्बा रोड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


