कलश यात्रा में 1100 महिलाओं ने नशा मुक्ति शिक्षा व महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया

भास्कर न्यूज | लुधियाना मंगलवार को दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान एवं संस्कृति मंच की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के उपलक्ष्य में भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। पीतांबरी वस्त्रों में सजी महिलाओं और गूंजते जयकारों के बीच वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। यात्रा का शुभारंभ सेक्टर 32-ए के ग्राउंड से मुख्य यजमान साजन अग्रवाल, शुभकरन स्वामी, संजय जैन, दविंदर अग्रवाल, जनक राज गोयल एवं मुकेश कपूर ने सपरिवार प्रभु पूजन के साथ किया। इसके पश्चात स्वामी प्रकाशानंद, विधायक दलजीत सिंह भोला और मेयर इंदरजीत कौर ने भगवा झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता इसके तीन प्रमुख भाग रहे, जिन्होंने समाज को एक बड़ा संदेश दिया। प्रथम भाग में 1100 सौभाग्यवती स्त्रियां सिर पर मंगल कलश धारण कर पूर्ण अनुशासन के साथ चल रही थीं। द्वितीय भाग में संस्थान के मंथन प्रकल्प के तहत अभावग्रस्त बच्चों ने शिक्षा के महत्व को जीवंत रूप में दर्शाया। वहीं तृतीय भाग में बोध प्रकल्प के जरिए युवाओं ने नशा मुक्ति और संतुलन प्रकल्प के माध्यम से बहनों ने नारी सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया। यात्रा के दौरान बाल कृष्ण और बलराम की जीवंत झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में क्षेत्रवासियों ने पुष्प वर्षा कर और जलपान की व्यवस्था कर यात्रियों का भव्य स्वागत किया। स्वामी कृपानन्द ने इस अवसर पर बताया कि कलश हमारे मस्तिष्क और अमृत कुंड का प्रतीक है, जो हमें ईश्वर के दीदार का आमंत्रण देता है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान, पूर्व प्रधान जतिंदर मित्तल, पार्षद निधि गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। यह भव्य कथा 19 से 25 फरवरी तक प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक चलेगी। गुरु आशुतोष महाराज की शिष्या, विश्व विख्यात भागवत भास्कराचार्य विदुषी साध्वी वैष्णवी भारती कथा का वाचन करेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *