कलेक्टर-एसपी ने होली पर शांति बनाए रखने की अपील की:गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में हंगामा करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी, ट्रैफिक नियमों का पालन करने कहा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली त्यौहार के मद्देनजर, कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी और पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने जिलेवासियों से शांति और सौहार्द्र के साथ पर्व मनाने की अपील की है। कलेक्टर मंडावी ने नागरिकों से हर्षाेल्लास, शांति एवं सौहार्द्र के साथ होली मनाने और जिले में आदर्श वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। हुड़दंग से दूर रहने की हिदायत पुलिस अधीक्षक खिलारी ने कहा कि होली भाईचारे, प्रेम और सौहार्द्र का पर्व है। उन्होंने जबरदस्ती रंग लगाने, हुड़दंग करने, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार बाइक चलाने, डीजे पर अश्लील गीत बजाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए बच्चों पर नजर रखने और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने को कहा। यातायात नियम पालन की अपील दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने पर जोर दिया गया। पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों, चौक-चौराहों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग, मोबाइल पार्टी और डायल-112 की व्यवस्था की गई है। आमजन से अनुरोध किया गया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 94791-90097 पर दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *