मुंगेली के कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. शबाना परवीन ड्यूटी पर अनुपस्थित मिलीं। मेडिकल ऑफिसर डॉ. सत्येंद्र जायसवाल अस्पताल में मौजूद थे। अस्पताल के सभी कक्षों के निरीक्षण में गंदगी और अव्यवस्था पाई गई। कलेक्टर ने इस पर नाराजगी जताते हुए दोनों चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉ. शबाना परवीन को प्रभारी पद से हटाकर डॉ. सत्येंद्र जायसवाल को नई जिम्मेदारी सौंपी। कलेक्टर और एसपी ने पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, लेबर वार्ड और फार्मेसी का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


