कोंडागांव जिले की कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने अपने बच्चों के पहले जन्मदिन के अवसर को यादगार बनाया। उन्होंने शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बेलोतीपारा (मसौरा) में प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत ‘न्योता भोज’ का आयोजन कर विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कॉपी और पेन भेंट कर मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर पन्ना ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है और समाज के हर वर्ग को उनके विकास में योगदान देना चाहिए। न्योता भोज में खीर, पूरी, सब्जी और पुलाव जैसे स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। विद्यालय के बच्चों ने पूरे उत्साह और आनंद के साथ भोजन का लुत्फ उठाया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में सरपंच शुक्ली बाई, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल, बीआरपी अशोक साहू, प्रधानाध्यापिका हीना साहू, सुनीता मरकाम, संकुल प्राचार्या रीबा जान और संकुल समन्वयक तरुण देवांगन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। बता दें कि प्रधानमंत्री पोषण योजना को सामुदायिक सहयोग से अधिक प्रभावी और पोषक बनाने के लिए राज्य शासन ने ‘न्योता भोज’ की पहल की है। इस पहल के तहत कोई भी व्यक्ति या सामाजिक संगठन जन्मदिन, वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसर पर अपने नजदीकी विद्यालय, आश्रम या छात्रावास में बच्चों के लिए न्योता भोज आयोजित कर सकता है।


