‘नववर्ष की उमंग विशेष बालिकाओं के संग’ थीम पर बुधवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने राज्य के एकमात्र महिला शिक्षण विहार में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ नया साल मनाया। महिला शिक्षण विहार में धर्मपत्नी के साथ पहुंचे कलेक्टर ने छात्राओं का तिलक लगाकर और माला पहनाकर सम्मान किया। कलेक्टर ने छात्राओं से कड़ी मेहनत कर अच्छी शिक्षा ग्रहण करते हुए जीवन के हर क्षेत्र में सफलता पाने की बात कही। उन्होंने देश की महान विभूतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति आज देश के उच्च पदों पर आसीन हैं, कहीं न कहीं उन्होंने अपने जीवन में कई संघर्ष किए हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी छात्राएं किसी से कम नहीं हैं। खूब मेहनत और लगन से पढ़ाई करें और देश की सेवा में अपना योगदान दें। भामाशाहों ने छात्राओं को वितरित की विभिन्न सामग्री
जिला कलक्टर के आग्रह पर जिले के कई भामाशाहों ने महिला शिक्षण विहार की सहरिया एवं अन्य छात्राओं को विभिन्न प्रकार की सामग्री वितरित की। जिनमें झालरापाटन कपड़ा व्यापार संघ के अध्यक्ष योगेश झड़िया ने सलवार-सूट के कपड़े, झालरापाटन के जयपाल द्वारा कम्बल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कम्बल, शिक्षा विभाग द्वारा स्टेशनरी (कॉपी, पेन, बॉक्स), प्राईवेट स्कूल ऐसोसिएशन के अध्यक्ष उदयभान सिंह ने स्पोर्ट्स किट वितरित किए, वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के लाभार्थियों को भी सामग्री वितरित की। सहरिया छात्राओं में दिखा उत्साह
अपने घरों एवं परिजनों से दूर रहकर शिक्षा ग्रहण करने वाली सहरिया एवं अन्य छात्राएं बुधवार को नव वर्ष के विशेष अवसर पर जिला कलेक्टर को अपने बीच पाकर काफी उत्साहित दिखी। इस दौरान छात्राओं ने कलेक्टर का आभार जताया एवं अपने हाथों से बनाई गई विभिन्न कलाकृतियां एवं चित्रकलाएं भेंट की। छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाया दमखम
इस मौके पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें महिला शिक्षण विहार की छात्राओं द्वारा उत्साह से भाग लिया गया एवं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन दिखाया। इस दौरान जलेबी दौड़ में कक्षा 8 की भूली प्रथम, निराली द्वितीय एवं मीना तृतीय स्थान पर रही। वहीं, निंबू चम्मच दौड़ में कक्षा 6 की सुलोचना प्रथम, कक्षा 7 की मालती द्वितीय एवं कक्षा 7 की ही वर्षा तृतीय स्थान पर रही। कुर्सी दौड़ में कक्षा 6 की नीतू विजेता रही। साथ ही रस्साकसी में कक्षा 9 की लक्ष्मी प्रथम की टीम विजेता रही। प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। छात्राओं ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में लक्ष्मी एण्ड ग्रुप ने सामूहिक आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं, भूली एण्ड ग्रुप ने बेटियों के जीवन की महत्ता को ‘‘बेटी की तरह बेटियां भी’’ गीत पर सामूहिक नृत्य के माध्यम से दर्शाया। इसके बाद बबीता ने ‘तेरी मिट्टी में मिल जावां’ देशभक्ति गीत पर एकल नृत्य तथा खुशी एण्ड ग्रुप की ओर से रंग दें गीत पर सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। जिस पर जिला कलेक्टर सहित अन्य उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा तालियां बजाकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने छात्राओं को स्वयं के हाथों से कराया भोजन
नव वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर ने सपत्निक महिला शिक्षण विहार की छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और अपने हाथों से छात्राओं को भोजन कराकर उन्हें पारिवारिक माहौल का एहसास कराया। यह अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला परिषद् के सीईओ शम्भुदयाल मीणा, एसडीएम अभिषेक चारण, सीडीओ रामसिंह मीणा, डीईओ माध्यमिक हेमराज पारेता, सीएमएचओ डॉ. साजिद खान, एडीपीसी समसा सीताराम मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाश चन्द सोनी, झालावाड़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक रामप्रसाद मीणा, तहसीलदार झालरापाटन नरेन्द्र मीणा, उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के पूर्व डीन मधुसुदन आचार्य, महिला शिक्षण विहार प्रभारी अधिकारी राकेश बैरवा, कृष्णा वर्मा, मनोज शर्मा, अनन्त शर्मा, बसन्त कासट सहित जिले के विभिन्न समाज सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं महिला शिक्षण विहार की अध्यापिकाएं उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन प्रीतम शर्मा ने किया।


