गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने आज पेंड्रा विकासखंड के अलग-अलग बोर्ड परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुचारु संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आमाडांड़, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागांव, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटमीकला पहुंचीं। इसके अलावा उन्होंने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सकोला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अण्डी और शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया। 12वीं बोर्ड की भूगोल और भौतिकी परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। उपस्थिति और व्यवस्थाओं की ली जानकारी निरीक्षण के दौरान संबंधित केंद्राध्यक्षों से परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली गई। परीक्षा के व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अनुचित साधनों पर रोक के लिए तीन उड़नदस्ता दल गठित बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल पर रोक, निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर तीन उड़नदस्ता दल बनाए गए हैं। पहले दल की जिम्मेदारी उप संचालक कृषि सत्यजीत कंवर को दी गई है। दूसरे दल का नेतृत्व सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग गोपेश मनहर कर रहे हैं। तीसरे दल की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी को सौंपी गई है।


