कलेक्टर ने मंदिरपुर में की जनसुनवाई:दिव्यांग पेंशन, जलापूर्ति और स्कूल में शिक्षकों की कमी समेत कई मुद्दों का किया समाधान

झालावाड़ में गुरुवार को ग्राम पंचायत मंदिरपुर में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर ने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुना और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। मंदिरपुर में माइक्रोडेम की मरम्मत का आदेश दिया गया। राजकीय स्कूल में शिक्षकों की कमी की समस्या के समाधान के लिए अन्य विद्यालयों से शिक्षकों का समायोजन करने को कहा गया। दिव्यांगों की पेंशन समस्या के लिए ग्राम पंचायत में कैंप लगाकर प्रमाण-पत्र बनाने और पेंशन शुरू करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य केंद्र की टूटी दीवार की मरम्मत और नालों की सफाई होली से पहले करवाने का आदेश दिया गया। जलापूर्ति की समस्या के समाधान के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। भूमि सीमांकन की मांग पर पटवारी को माप करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। एग्री स्टैक योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना समेत अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। जनसुनवाई में अतिक्रमण, पीएम किसान सम्मान निधि, इंटरलॉकिंग, पेंशन, बिजली और सड़क से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में डग तहसीलदार सत्यनारायण, विकास अधिकारी कंचन बोहरा, प्रशासक सहित विभिन्न विभागों के जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *