अजमेर जिले की पंचायत समिति जवाजा की ग्राम पंचायत बार में जिला कलेक्टर कमलराम मीना की अध्यक्षता में मंगलवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की 30 समस्याओं पर सुनवाई हुई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। चौपाल में एडीएम ब्रह्मलाल जाट, एसीईओ गोपाल लाल, तहसीलदार हनुत सिंह और संबंधित बीडीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रात्रि चौपाल में कुल 30 परिवाद प्राप्त हुए। इनमें पेयजल समस्या, अतिक्रमण हटाने, राजस्व संबंधी विवाद, रास्तों की समस्या और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुख थे। कलेक्टर कमलराम मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परिवादों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि आमजन को शीघ्र राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए विभागों के बीच आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है।


