भास्कर न्यूज| महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सोमवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने तुमगांव स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने न केवल स्कूल की आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया, बल्कि एक शिक्षक की भूमिका में नजर आते हुए बच्चों से संवाद किया और उन्हें जीवन में अनुशासन और समझ विकसित करने के टिप्स दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय का अवलोकन किया। उन्होंने पीएम श्री योजना के तहत निर्धारित सैचुरेशन के 21 बिंदुओं का विषयवार निरीक्षण किया। स्कूल में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मार्च तक बिल्डिंग का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए, ताकि बच्चों को सुविधायुक्त वातावरण मिल सके। कलेक्टर लंगेह ने कक्षा छठवीं के बच्चों के साथ काफी समय बिताया। उन्होंने बच्चों से ट्रैफिक सिग्नल पर चर्चा की और उन्हें हेलमेट की उपयोगिता, सीट बेल्ट बांधने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। जो चीज समझ न आए, उसे बार-बार पढ़े और पूछें बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा जो चीज समझ में न आए, उसे बार-बार पढ़ें और शिक्षकों से पूछें। अगर आप कोशिश करेंगे, तो कठिन से कठिन विषय भी दो-तीन बार में समझ आने लगेगा। उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूरी बनाने और खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। साथ ही, बेहतर परिणामों के लिए रिवीजन की महत्ता को समझाया। शिक्षकों को निर्देश: कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे बच्चों में समझ विकसित करने के लिए टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) जादुई पिटारा और पीयर लर्निंग (साथियों के साथ सीखना) जैसे आधुनिक तरीकों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि केवल इंग्लिश रीडिंग काफी नहीं है, बच्चों को उसका हिंदी अर्थ और मूल भाव भी समझ आना चाहिए।


