समाजवादी पार्टी ने आज (शुक्रवार) को भिंड जिला कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश सचिव अशोक कुमार डंडोतिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता और नागरिक इस प्रदर्शन में शामिल हुए। यह आंदोलन महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय जैन की कथित अमानवीय कार्य शैली और प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में आयोजित किया गया। धरने में अशोक कुमार डंडोतिया ने कहा कि अधिकारी संजय जैन, सहायिका और सुपरवाइजर जैसे कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं, जिससे वे मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रही हैं। उन्होंने इस रवैये को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए संजय जैन के तत्काल निलंबन की मांग की। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार की योजनाओं पर भी सवाल खड़े किए गए।