कल्याणपुरा से झाबुआ तक भक्ति की पदयात्रा:100 श्रद्धालुओं ने तय किया 14 किमी का सफर, गोड़ी पार्श्वनाथ तीर्थ पर हुआ स्वागत

झाबुआ के श्री नमिनाथ जैन तीर्थ श्वेतांबर श्री संघ कल्याणपुरा ने शुक्रवार को एक दिवसीय ‘तीर्थ दर्शन पदयात्रा’ का आयोजन किया गया। पूज्य साध्वी रत्नरिद्धि महाराज और साध्वी रत्नवृद्धि महाराज के मार्गदर्शन में यह यात्रा निकाली गई। इसमें 100 से अधिक श्रद्धालुओं ने कल्याणपुरा से झाबुआ स्थित श्री गोड़ी पार्श्वनाथ तीर्थ तक 14 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की। इस पूरी यात्रा के मुख्य लाभार्थी भावेश कुमार मेहता परिवार रहे। जगह-जगह हुआ यात्रियों का आत्मीय स्वागत यात्रा की शुरुआत कल्याणपुरा मंदिर में दर्शन और पूजन के साथ हुई। जब पदयात्री रंगपुरा स्थित श्री केसरियाजी जैन तीर्थ पहुंचे, तो वहां संघ के पदाधिकारियों ने अक्षत (चावल) छिड़ककर यात्रियों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद यात्री श्री महावीर बाग तीर्थ पहुंचे, जहां साध्वी जी ने विशेष पूजा संपन्न करवाई। यहां ट्रस्ट की ओर से लाभार्थी मेहता परिवार का शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। जयकारों के साथ नगर में प्रवेश महावीर बाग से यह यात्रा एक भव्य जुलूस की शक्ल में झाबुआ नगर में दाखिल हुई। जुलूस में सबसे आगे बच्चे जैन ध्वज थामे जयकारे लगा रहे थे, वहीं सजे-धजे रथ में भगवान के साथ लाभार्थी परिवार की सरिता बेन मेहता विराजमान थीं। शहर के बस स्टैंड और मुख्य बाजार से गुजरते समय वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया। यात्रा जब श्री ऋषभदेव 52 जिनालय पहुंची, तो वहां भी समाज के वरिष्ठजनों ने यात्रियों की अगवानी की। धर्मसभा में मिला साध्वी का आशीर्वाद यात्रा का समापन श्री गोड़ी पार्श्वनाथ तीर्थ पर हुआ, जहां ट्रस्ट मंडल के सदस्यों ने संघ का स्वागत किया। इस मौके पर आयोजित धर्मसभा में साध्वी रत्नरिद्धि श्री जी ने कहा कि तीर्थ यात्रा और पैदल चलना भक्ति के साथ-साथ मन की शुद्धि का मार्ग है। उन्होंने समाज को ऐसे धार्मिक आयोजनों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। संस्थाओं ने किया लाभार्थी परिवार का सम्मान कार्यक्रम के अंत में झाबुआ की विभिन्न जैन संस्थाओं और ट्रस्टों ने मिलकर लाभार्थी मेहता परिवार का बहुमान किया। कार्यक्रम का संचालन श्री संघ अध्यक्ष संजय मेहता ने किया और आभार भावेश मेहता ने माना। यात्रा के समापन पर मेहता परिवार की ओर से सभी के लिए ‘गौतम प्रसादी’ (भोज) का आयोजन किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *