कल्याण कॉलेज में उत्पात, शासकीय कार्य में बाधा का मामला:प्रिंसिपल के नेम प्लेट पर स्याही पोती, पर्चा फेंका;जूते-चप्पलों की माला पहनाने की कोशिश थी, फरार दो आरोपी भी हुए गिरफ्तार

भिलाई के कल्याण कॉलेज में घुसकर उत्पात मचाने, प्राचार्य के साथ दुर्व्यवहार करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना भिलाईनगर पुलिस ने आरोपी अतुल कुमार चौधरी (19 वर्ष), निवासी खुर्सीपार और केतन तिवारी (23 वर्ष), निवासी नेहरू नगर सुपेला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 9 दिसंबर को कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-7 भिलाई में प्राचार्य कक्ष के भीतर परीक्षा फॉर्म के परीक्षण एवं हस्ताक्षर का शासकीय कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान महाविद्यालय के पूर्व छात्र आकाश कन्नौजिया अपने साथियों दीपक पाल, आनंद यादव, नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल, अंशुल शर्मा सहित अन्य छात्रों के साथ एक राय होकर नारेबाजी करते हुए अनाधिकृत रूप से कॉलेज परिसर में प्रवेश कर गया। आरोपियों ने प्राचार्य कक्ष में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी और प्राचार्य के टेबल के कांच को तोड़ दिया। टेबल पर रखे शासकीय दस्तावेजों को उठाकर फेंक दिया गया, कई दस्तावेज फाड़ दिए गए और उन पर स्याही डालकर खराब कर दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जूते की माला बनाकर प्राचार्य को पहनाने का प्रयास किया और उनके नाम पट्ट (नेम प्लेट) पर स्याही पोतकर उसे विरूपित कर दिया। प्राचार्य की शिकायत पर दर्ज हुआ था अपराध
घटना के दौरान प्राचार्य कक्ष के अंदर धक्का-मुक्की करते हुए जमकर उपद्रव किया गया, जिससे महाविद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शासकीय कार्य पूरी तरह बाधित हो गया। घटना के बाद प्राचार्य की शिकायत पर थाना भिलाईनगर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इस मामले में भी एनएसयूआई के महासचिव शामिल
पुलिस द्वारा पहले ही मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था,जिसमें एनएसयूआई के महासचिव आकाश कनौजिया समेत अन्य नेता शामिल हैं। इस प्रकरण में अतुल चौधरी और केतन तिवारी फरार चल रहे थे। लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *