सीहोर। पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक राष्ट्रीय परियोजना के अंतर्गत लाभान्वित होने वाले जिले के सभी 110 गांवों में 16 एवं 17 दिसंबर को जल सम्मेलन एवं जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस परियोजना का भूमिपूजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 17 दिसंबर को करेंगे। जानकारी के अनुसार 16 दिसंबर को परियोजना से लाभान्वित होने वाले सभी 110 ग्रामों में सुबह 10 बजे विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों द्वारा प्रभात फेरी निकाली व विद्यालयों में परियोजना के संबंध में चर्चा की। वहीं, शाम 04 बजे कलश यात्रा व पार्वती तटों पर भजन संध्या, दीपदान कार्यक्रम किए जाएंगे। साथ ही किसान सम्मेलन के लिए घर-घर जाकर पीले चावल देकर किसानों को आमंत्रित किया जाएगा। 17 दिसंबर को श्यामपुर में बाइक रैली व किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। क्या है पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी लिंक परियोजना
इस परियोजना से प्रदेश के 11 जिले गुना, शिवपुरी, सीहोर, देवास, राजगढ़, उज्जैन, आगर मालवा, इंदौर, शाजापुर, मंदसौर और मुरैना के 2094 गांवों में लगभग 6 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। साथ ही पेयजल व औद्योगिक आपूर्ति के लिए जल भी उपलब्ध होगा। योजना में मध्यप्रदेश में 21 बांध व बैराज बनाए जाएंगे। योजना अंतर्गत प्रदेश में कराए जाने कार्यों की लागत लगभग 36 हजार 800 करोड़ रुपए है। इस परियोजना से सीहोर जिले के 110 गांव लाभान्वित होंगे।


