होली के त्योहार पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कोटा-रशीदपुर खोरी-कोटा होली स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। यह ट्रेन सीकर जिले के तीन प्रमुख स्टेशनों- रींगस, सीकर और रशीदपुर खोरी पर रुकेगी, साथ ही सवाई माधोपुर और जयपुर जैसे बड़े स्टेशनों पर भी ठहराव होगा। इससे होली पर घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09803, कोटा-रशीदपुर खोरी होली स्पेशल एक्सप्रेस 25 फरवरी और 4 मार्च को कोटा से रात 9:55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 3:40 बजे रींगस स्टेशन पहुंचेगी, जहां 5 मिनट का ठहराव लेकर 3:45 बजे सीकर के लिए निकलेगी। सीकर स्टेशन पर सुबह 4:30 बजे पहुंचकर 4:35 बजे रवाना होगी और 5:20 बजे रशीदपुर खोरी पहुंच जाएगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09804, रशीदपुर खोरी-कोटा होली स्पेशल एक्सप्रेस 26 फरवरी और 5 मार्च को रशीदपुर खोरी से सुबह 6:55 बजे चलेगी। यह 7:10 बजे सीकर पहुंचेगी, जहां 5 मिनट रुककर 7:15 बजे रवाना होगी। सुबह 8 बजे रींगस पहुंचकर 8:05 बजे आगे बढ़ेगी और दोपहर 3:55 बजे कोटा पहुंच जाएगी। ट्रेन लाखेरी, इंद्रगढ़, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर, ढहर का बालाजी और चौमूं जैसे स्टेशनों पर भी रुकेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें 1 फर्स्ट एसी, 2 सेकंड एसी, 5 थर्ड एसी, 1 थर्ड एसी इकॉनोमी, 7 सेकंड स्लीपर, 4 जनरल कोच, 1 पावरकार और 1 गार्ड डिब्बा शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह पहल होली पर यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए की गई है। यात्रियों से अपील है कि समय पर टिकट बुक करा लें।


