कहासुनी में चक्की के पाट से पत्नी का सिर फोड़ा:अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत; आरोपी पति डिटेन

भीलवाड़ा में घरेलू विवाद इतना बढ़ा कि पति ने आटा चक्की का पाट मारकर पत्नी का सिर फोड़ दिया। लहूलुहान हालत में पत्नी को छोड़कर पति फरार हो गया। घायल महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना भीलवाड़ा के गंगापुर थाना क्षेत्र के झूमपुरा गांव में आज दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। पुलिस ने आरोपी पति को डिटेन कर लिया है। गंगापुर डिप्टी रविंद्र प्रताप ने बताया- बद्रीलाल(45) अपनी पत्नी प्रेम देवी(42) और दो बेटों के साथ झूमपुरा गांव में रहता है। जबकि एक बेटा उदयपुर में पत्नी के साथ रहता है और वहां निजी कंपनी में काम करता है। आज(बुधवार) पति-पत्नी में घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ गया। गुस्से में पति ने घर में रखे आटा पीसने वाली चक्की का पाट(पत्थर) उठाकर पत्नी के सिर पर मार दिया। फिर फरार हो गया। महिला के दर्द से चीखने की आवाज सुन पहुंचे पड़ोसी
महिला के दर्द से चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे। गांव में क्रिकेट खेलने गए महिला के दोनों बेटों को भी बुलाया गया। जिसके बाद घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर गंगापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार- फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का मौका- मुआयना किया है। महिला के पीहर पक्ष के लोग अहमदाबाद रहते हैं। उनके आने के बाद महिला का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। फिलहाल महिला के शव को गंगापुर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। आरोपी पति को गांव के बाहर से डिटेन कर लिया है। मामले में पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया- आरोपी पाली के सुमेरपुर में तेल घाणी पर काम करता है और घर आता- जाता रहता है। अभी वह महीने भर से गांव आया हुआ था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी बीते कुछ सालों से मेंटली डिस्टर्ब था, जिसके कारण मामूली बातों पर घर में विवाद होते थे। घटना के दौरान पति-पत्नी घर पर अकेले थे। पुलिस के अनुसार- दंपती के तीन बेटे है। इनमें लोकेश तेली (25 ) उदयपुर में अपनी पत्नी के साथ रहता है। संजय तैली (20 ) बेरोजगार है। जबकि कन्हैयालाल तेली (17 ) गांव में ही पढ़ाई करता है। सूचना मिलते ही बड़ा बेटा उदयपुर से घर के लिए रवाना हो गया है। परिजनों के आने के बाद गुरुवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *