कहीं उतरवाए जूते-मोजे, कहीं बैंड-बाजे से स्वागत:खरगोन में 12वीं की परीक्षा, अहीरखेड़ा में छात्रों को तिलक लगाकर खिलाई मिठाई

खरगोन जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं अंग्रेजी के प्रश्नपत्र के साथ शुरू हो गई हैं। जिले में परीक्षा का मिला-जुला रूप देखने को मिला। जहां एक तरफ संवेदनशील केंद्रों पर जैमर लगे और जूते-मोजे उतरवाए गए, वहीं अहीरखेड़ा में छात्रों का स्वागत बैंड-बाजे और फूल-मालाओं से किया गया। पहला पेपर आसान होने से विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। अहीरखेड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर छात्रों की अगवानी स्काउट बैंड के साथ की गई। परीक्षा का तनाव कम करने के लिए केंद्र को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यहां पहुंचने पर छात्रों को फूलमाला पहनाई गई और तिलक लगाकर मिठाई व टॉफी खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। 13 साल से आ रहा 100% रिजल्ट केंद्र के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह पवार ने बताया कि स्कूल का रिजल्ट पिछले 13 सालों से शत-प्रतिशत आ रहा है। इस बार केंद्र पर 77 परीक्षार्थी दर्ज थे, जिनमें से 75 ने परीक्षा दी। शिक्षकों ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें तनावमुक्त होकर परीक्षा देने की सलाह दी। शहर में रही सख्ती, उतरवाए जैकेट दूसरी ओर, शहर के देवी अहिल्या उत्कृष्ट स्कूल सहित अन्य केंद्रों पर सख्ती बरती गई। यहां छात्रों के जूते, मोजे और जैकेट उतरवा लिए गए। मोबाइल, बेल्ट और आभूषण भी बाहर रखवाए गए। जिले में 11 अति संवेदनशील केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे। 14 हजार विद्यार्थी शामिल जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र कानूडे ने बताया कि 12वीं कक्षा में कुल 14,298 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिले के कुल 87 केंद्रों पर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। पहला पेपर अंग्रेजी का था, जिसे छात्रों ने आसान बताया। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *