भास्कर न्यूज | कांकेर भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कांकेर के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. नेलसन खेस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें 7वें ग्लोबल एग्री मीट कॉन्फ्रेंस 2026 में ‘यंग माइक्रोबायोलॉजिस्ट अवार्ड 2026’ से नवाजा गया। यह अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस चंडीगढ़ स्थित महात्मा गांधी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, पंजाब में आयोजित की गई थी, जिसमें देश-विदेश के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने भाग लिया। डॉ. खेस को सूक्ष्मजीव विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उनके द्वारा किए गए शोध कार्यों के तहत तीन पेटेंट भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय में पंजीकृत किए गए हैं। इसके अलावा एक वैज्ञानिक उपकरण का कॉपीराइट भी दर्ज कराया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर संभाग में शोध के क्षेत्र में यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। इससे न केवल महाविद्यालय का नाम रोशन हुआ है, बल्कि विद्यार्थियों को भी शोध एवं नवाचार के लिए प्रेरणा मिलेगी। महाविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. नेलसन खेस को शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।


