कांकेर में जुआ खाईवाल गिरफ्तार:आरोपी से आईफोन, सट्टा पर्ची और 5,350 रुपए नकद जब्त

कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खिलाने वाले एक खाईवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक आईफोन, सट्टा पर्ची और 5,350 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई चारभाटा गांव में की गई। पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी चारभाटा गांव की ओर जा रही थी, तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि टक्कु साहू नामक व्यक्ति अपने कृषि फार्म में सट्टा पट्टी लिखकर जुआ खिलवा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ कृषि फार्म पर छापा मारा। आरोपी खेत में चला रहा था सट्टेबाजी छापेमारी के दौरान, पुलिस को कृषि फार्म के अंदर एक व्यक्ति सट्टा पट्टी पर्ची लिखकर विभिन्न अंकों पर पैसों का दांव लगाते हुए मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम मुकेश उर्फ टक्कु साहू (35 वर्ष), पिता मलखम साहू, निवासी बंगलापारा चारामा बताया। उसकी तलाशी लेने पर एक पेन, हजारों रुपये की सट्टा पट्टी पर्ची, एक आईफोन और 5,350 रुपए नकद बरामद हुए। जब्त की गई सामग्री को गवाहों के सामने पुलिस कब्जे में लिया गया। आरोपी के कृत्य को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध पाया गया। इसके बाद, 15 फरवरी 2026 को अपराध दर्ज किया गया। चूंकि आरोपी लोगों को संगठित कर अंकों पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खिलवा रहा था, इसलिए धारा 112(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुकेश उर्फ टक्कु साहू का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *