छत्तीसगढ़ के कांकेर में एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी को जबरन उठा ले जाने का मामला सामने आया है। भारती साहू ने आजाद चंद भोई से प्रेम विवाह किया था। दोनों को एक बेटी हुई, लेकिन वैवाहिक जीवन में कलह के कारण भारती अपनी बेटी के साथ मायके में रहने लगी। करीब दो साल तक बच्ची अपनी मां और नानी के साथ रह रही थी। 8 फरवरी को आजाद अचानक अपनी सास के घर पहुंचा और बेटी को जबरन ले गया। अगले दिन सुबह साढ़े 10 बजे जब नानी जगबती साहू अपनी नातिन को लेने दामाद के घर पहुंची, तो आजाद ने न केवल बच्ची देने से मना कर दिया बल्कि गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट भी की। इस हमले में जगबती के सिर, कंधे, हाथ और घुटनों में चोटें आईं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना शिवनगर इलाके की है, जहां पीड़िता अपनी बेटी और नातिन के साथ रहती थी।


