कांकेर में बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी:जिले के 19 हजार स्टूडेंट्स देंगे एग्जाम, 130 केंद्रों पर सामग्री भेजी गई; 1 मार्च से होगा शुरू

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 1 मार्च से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में कुल 130 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सोमवार को 76 केंद्रों और मंगलवार को 54 केंद्रों में परीक्षा सामग्री भेजी गई। सभी प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं सील पैक पैकेट में थानों में सुरक्षित रखी जाएंगी। परीक्षा के दिन पुलिस जवानों की सुरक्षा में परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले सामग्री केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी। जिले में बोर्ड परीक्षा के तकरीबन 19,770 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बता दें कि इस साल जिले में 10वीं कक्षा के 11,480 और 12वीं कक्षा के 8,290 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए फॉर्म भर दिए हैं। जिला शिक्षा विभाग ने परीक्षा की सुचारु व्यवस्था के लिए ब्रेंच व्यवस्था से लेकर पानी तक की व्यवस्था की जिम्मेदारी कर्मचारियों को सौंप दी है। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाएं उसी दिन सुरक्षा के साथ वापस जमा करवाई जाएंगी। जिले से एकत्रित सभी उत्तर पुस्तिकाएं निर्देशानुसार जांच के लिए भेजी जाएंगी। इन तिथियों में होगी 10वीं की परीक्षा 10वीं की पहली परीक्षा भाषा हिंदी की 3 मार्च को होगी, जिसके बाद निरंतर 5 मार्च को अंग्रेजी, 7 मार्च को गणित, 10 मार्च को विज्ञान और 17 मार्च को सामाजिक विभाग की परीक्षा है, इसके अलावा 12 मार्च को व्यवसायिक पाठ्यक्रम पर, 21 मार्च को स्थानीय भाषा पर, 24 मार्च को दृष्टिहीन के लिए संगीत और मूक बधिर के लिए ड्राइंग पेंटिंग का परीक्षा रखा गया है। इन तिथियों में होगी 12वीं की परीक्षा 12वीं में पहला पेपर हिंदी भाषा का 1 मार्च को होगा, जिसके बाद निरंतर 4 मार्च को भाषा अंग्रेजी, 6 मार्च को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान के तत्व एवं गणित, ड्राइंग पेंटिंग, आहार एवं पोषण, 8 मार्च को संस्कृत, 11 मार्च को भूगोल, भौतिक शास्त्र, 12 मार्च को समाज शास्त्र, 18 मार्च को राजनीतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, लेखा शास्त्र, फसल उत्पादन एवं उद्यान शास्त्र, वास्तु चित्रण एवं आलेखन, शरीर क्रिया विज्ञान एवं प्राथमिक चिकित्सा, 22 मार्च को गणित, कम्प्यूटर एप्लिकेशन, भारतीय संगीत, चित्रकला, नृत्यकला, स्टोनो टाइपिंग, कृषि, गृह विज्ञान, वाणिज्य गणित, औद्योगिक संगठन के मूल तत्व, 24 मार्च को जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, पशुपालन, दुग्ध पौद्योगिकी मत्स्य एवं कुक्कट पालन, भारतीय कला का इतिहास, विज्ञान में तत्व, 28 मार्च को मनोविज्ञान रखा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *