छत्तीसगढ़ के कांकेर में चल रहे मेले के चौथे दिन देर रात चाकूबाजी की घटना सामने आई है। जिला अस्पताल के सामने अंडा विक्रेता पर तीन युवकों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात अंडा विक्रेता सलीम खान पर तीन युवकों ने चाकू से कई वार किए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक शराब के नशे में थे और पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जो पहले मारपीट और फिर चाकूबाजी में बदल गया। इस हमले में सलीम खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


