कांके रोड में कट्‌टा दिखाकर फ्लावर डेकोरेशन दुकान से 1.67 लाख रुपए लूटे

राजधानी के कांके रोड स्थित फ्लावर डेकोरेशन दुकान में दिनदहाड़े अपराधियों ने लूटपाट की। कट्‌टा दिखाकर 1.67 लाख रुपए लूट लिए। देर रात तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। दुकान के स्टाफ राकेश ने बताया कि दो युवक बाइक से पहुंचे। इनमें से एक दुकान में आया और मुझ पर कट्‌टा तान दिया। तब तक दूसरा युवक भी अंदर आ गया। ड्रॉवर की चाबी और पैसे मांगने लगे। फिर कैश काउंटर और सभी ड्रावर को खोलकर उसमें रखे पैसे ले लिए। विरोध करने पर कट्‌टा ताने अपराधी ने थप्पड़ भी जड़ दिया। साथ ही गोली मारने की धमकी देता रहा। लूटपाट को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी चांदनी चौक की ओर फरार हो गया। उन्होंने तत्काल दुकान संचालक संजय कुमार और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस पहुंची और दुकान की रिकॉर्डिंग कर चली गई। राकेश ने बताया कि इस दुकान में पुराने सोने की भी खरीदारी होती थी। अपराधियों को शायद इसकी जानकारी थी। इसीलिए इस दुकान को निशाना बनाया गया। इधर, हजारीबाग में पेट्रोल पंप मैनेजर की गोली मारकर हत्या, 11.50 लाख रुपए लूट ले गए सिझुआ में एनएच-33 पर स्थित सलपर्णी पेट्रोल पंप के मैनेजर शंकर कुमार (36) की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। फिर बाइक की डिक्की में रखे 11.50 लाख रुपए लूट लिए। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। देर शाम तक हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिला था। शंकर मंगलवार को रुपए जमा कराने बैंक जा रहे थे। सिझुआ स्कूल के पास पहुंचते ही बाइक सवार दो अपराधियों ने शंकर के सिर में गोली मार दी। वे बाइक से गिर गए। इसके बाद उनके सिर में और दो गोलियां मारीं। फिर बाइक से पैसे निकालकर नेशनल पार्क की ओर भाग निकले। इससे शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने किसी और पेट्रोल पंप को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सलपर्णी पेट्रोल पंप और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस उन्हे अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *