कांगड़ा में तेज रफ्तार कार ने मारी स्कूटी को टक्कर:महिला की मौत, एक घायल, पुलिस ने कार की जब्त, ड्राइवर के खिलाफ केस

कांगड़ा जिले में धर्मशाला के कंडी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 58 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया। बता दे कि हरियाणा नंबर की एक कार ने गलत दिशा से आते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, दाड़नू निवासी 58 वर्षीय दुर्गेश देवी अपने बेटे के साथ स्कूटी पर धर्मशाला की ओर जा रही थीं। इसी दौरान कंडी के पास सामने से गलत दिशा में आ रही कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। महिला को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने कार को कब्जे में लिया मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, जिनमें लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या से संबंधित प्रावधान शामिल हैं, के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार ड्राइवर नशे की हालत में था या नहीं। कार में दो युवक और दो लड़कियां सवार थे।
लोगों ने की पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि कंडी क्षेत्र में अक्सर बाहरी राज्यों के वाहन ड्राइवर तेज रफ्तार और गलत दिशा में गाड़ी चलाते हैं, जिससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्ती बढ़ाने, गति निगरानी और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने की लोगों से अपील धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में हाल के महीनों में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। पुलिस विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से बचने और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी खतरनाक हरकतों से दूर रहने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *