लुधियाना| लाखों रुपए की पेमेंट न देने के आरोप में थाना सराभा नगर की पुलिस ने एक कांग्रेसी पार्षद सुखदेव बावा वासी मेन काकोवाल पिंक सिटी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता अभिषेक गुप्ता वासी सेक्टर-39,चंडीगढ़ रोड ने 8 अगस्त 2025 को पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि सुखदेव बावा वार्ड नंबर-4 से कांग्रेसी पार्षद होने के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलर भी है। शिकायतकर्ता अभिषेक गुप्ता ने बताया कि अगस्त 2023 में दोनों के बीच एक प्रॉपर्टी सौदे को लेकर इकरारनामा हुआ था। इस समझौते के अनुसार 70 लाख रुपए की रकम चार महीने के भीतर अदा की जानी थी। शिकायत में यह भी कहा गया कि यह रकम साउथ सिटी स्थित आबादी झम्मटां की एक प्रॉपर्टी में 50 प्रतिशत साझेदारी के तौर पर दी जानी थी। आरोप है कि तय समय गुजरने के बावजूद आरोपी ने पेमेंट नहीं की और उसे लगातार टालता रहा, जिससे उसके साथ धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी सुखदेव बावा वासी मेन काकोवाल पिंक सिटी पर थाना सराभा नगर की पुलिस ने केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


