सरकार के 1 साल पूरे होने का विरोध कांग्रेसियों ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर किया। रायपुर के अंबेडकर चौक में कांग्रेस नेताओं ने मौन रहकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने सरकार के विरोध में 1 साल की विफलताओं के पोस्टर लेकर प्रदर्शन में पहुंचे और सरकार की नीतियों और कामकाज पर सवाल उठाए। ये प्रदर्शन शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आयोजित किया, जिसमें जिलाध्यक्ष गिरीश दुबे, महापौर एजाज ढेबर, निगम सभापति प्रमोद दुबे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंबेडकर मूर्ति के पास चल रहे इस प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि 1 साल में छत्तीसगढ़ बदहाल हो चुका है। सरकार जनता की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। इसलिए काली पट्टी बांधकर मौन प्रदर्शन किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राज्य सरकार अपने एक साल के कार्यकाल में जनता से किए वादे पूरे करने में नाकाम रही है। बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सरकार को निशाने पर लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 1 साल में सरकार की कोई उपलब्धि नहीं है बल्कि कांग्रेस सरकार की जनहितैषी योजनाओं को बंद कर दिया गया। प्रमोद दुबे बोले रायपुर अब चाकूपुर के नाम से जाना जाता है कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने कहा कि 1 साल पूरे होने पर सरकार के पोस्टर ही कई जगह काले रंग में लगे हैं। जो प्रदेश की स्थिति को बयां करते है। दुबे ने कहा कि राजधानी में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं की वजह से रायपुर को अब चाकूपुर कहा जा रहा है। लोग अपने पते में भी चाकूपुर लिखने लगे हैं। दुबे ने कहा कि इस सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान है। जो वादे करके बीजेपी सरकार में आई है उन्हे पूरा नहीं किया जा रहा है। इस सरकार में उनके आसपास के ही चंद लोग खुश है और जनता बदहाल है।