कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमित शाह का पुतला फूंका:संसद में अंबेडकर पर दिए बयान के खिलाफ किया विरोध-प्रदर्शन

देश के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में बाबा साहेब अंबेडकर को लेकर दिए गए बयान पर प्रतापगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए गृहमंत्री का पुतला दहन किया और उनसे इस्तीफे की मांग की। पूर्व कांग्रेस विधायक रामलाल मीना के नेतृत्व में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। यहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंक दिया। इस अवसर पर अपने संबोधन में रामलाल मीना ने कहा कि देश की संसद में अमित शाह ने संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर का जो अपमान किया है, वह असहनीय है और इसे देश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसदों द्वारा कांग्रेस के सांसदों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह भी निंदनीय है। उन्होंने गृह मंत्री से इस्तीफा देने और पूरे देश से माफी मांगने की मांग की। मीना ने आगे कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के एक साल का जश्न जनता के लिए त्रासदी बन गया है, जहां सरकारी खजाने का करोड़ों रुपया बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज प्रदेश में दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ गए हैं, जबकि सरकार जश्न मना रही है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर कांग्रेस के द्वारा किए गए कार्यों को भाजपा अपनी योजनाओं के तौर पर पेश करके वाहवाही लूट रही है। मीना ने यह भी कहा कि इस सरकार में युवा, किसान, मजदूर, गरीब और महिलाएं सभी परेशान हैं, और यह सरकार मोदी और अमित शाह द्वारा संचालित हो रही है, जो पूरी तरह से तानाशाही के रास्ते पर है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *