केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान के विरोध में जबलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंडी मदार टेकरी से मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया। कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकालकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और संसद भवन में संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को लेकर दिए बयान पर भी आपत्ति जताई। विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमित शाह से इस्तीफा देने की मांग की है। बाबा साहब पर की गई टिप्पणी से सभी को पहुंची है ठेस पूर्व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया का कहना है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संसद भवन में डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर जो बयानबाजी की है उससे सभी की भावनाओं को ठेस पहुंची है। गृहमंत्री के पद की गरिमा का भी ध्यान नहीं रखा और इस तरह की बयान बाजी कर अपनी सोच और विचारधारा को प्रकट किया है। लखन घनघोरिया ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बहुत अंतर है, एक और तो वह डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के प्रति आदर और सम्मान की भावना रखने का दम भरते हैं तो वहीं दूसरी तरफ संसद भवन में इस तरह की टिप्पणियां भी करते हैं जिससे उनका दोहरा चरित्र साफ नजर आता है। कांग्रेस का आंदोलन लगातार रहेगा जारी शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वार बाबा साहब का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके विरोध में लगातार विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे और केंद्रीय गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग भी लगातार की जाएगी।


