एक भाजपा नेत्री द्वारा अधिवक्ता विशाल गुर्जर पर एआई से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपों के बीच आनन-फानन में पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। शहर कांग्रेस ने अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में बुधवार को कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर कथित आपत्तिजनक वीडियो में पुलिस पर भाजपा नेताओं को बचाने के आरोप लगाए। कलेक्टर नमित मेहता को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि पुलिस ने रात 10:55 बजे मुकदमा दर्ज होने के बाद बिना सूचना दिए रात 3 बजे अधिवक्ता विशाल को न सिर्फ उसके घर से उठाया, बल्कि तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस के साथ कुछ भाजपा नेता भी मौजूद थे। इस प्रकरण से शहर में भय व अविश्वास का माहौल है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विशाल के परिजनों के साथ अनुचित व्यवहार किया गया। पूरे मोहल्ले के निर्दोष नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया। पुलिस की मौजूदगी में कुछ असामाजिक तत्वों ने घरों में तोड़फोड़ कर क्षेत्र में दहशत फैलाई। दरअसल उदयपुर, राजस्थान से लेकर दिल्ली तक चर्चा है कि अधिवक्ता विशाल के पास भाजपा के बड़े नेताओं के आपत्तिजनक वीडियो-फोटोज हैं। इनके जरिए वह ब्लैकमेल कर रहा था। हालांकि इसकी हकीकत पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने वालों में पूर्व देहात जिला अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली, महासचिव पंकज शर्मा, हरीश शर्मा, अरुण टांक, अजय सिंह, दीपक व्यास, दलपत सिंह, मोहम्मद अयूब, बाबूलाल घावरी, सुधीर जोशी, दीपक सुखाडिया, जगदीश पालीवाल आदि शामिल थे। जल्द आ रही उदयपुर फाइल्स, भाजपा का बड़ा मामला खुलेगा : जूली शहर कांग्रेस ने मांग की कि इस मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से करवाई जाए। साथ ही दोषी पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और तोड़फोड़ करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएं। कांग्रेस ने विशाल गुर्जर के कार्यालय व निवास से प्राप्त डीवीआर, पेनड्राइव व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को स्वतंत्र एजेंसी के संरक्षण में सुरक्षित रखने की मांग भी की हैं। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बुधवार को विधानसभा में यह तक कह दिया कि किसी ने उदयपुर फाइल्स देखी है? देखी हो तो बताना, मेरे पास भी आने वाली है। अभी उदयपुर फाइल्स किसी के पास आए तो मुझे भी भेजें। बहुत ही जल्द आने वाली उदयपुर फाइल्स में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बड़ा मामला उजागर होगा।


