कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति देशहित के खिलाफ: भाजपा:कहा- अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास अस्वीकार्य

भारतीय जनता पार्टी सिरोही की जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने कांग्रेस पार्टी और उसके वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाले कृत्यों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की बढ़ती आर्थिक, तकनीकी और कूटनीतिक शक्ति को स्वीकार कर रहा है, ऐसे में कांग्रेस की नकारात्मक और अवरोधात्मक राजनीति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर एक निर्णायक शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन का उदाहरण दिया, जिसमें 100 से अधिक देशों की भागीदारी, राष्ट्राध्यक्षों, नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों और विश्व की अग्रणी कंपनियों के सीईओ की उपस्थिति थी। यह दर्शाता है कि भारत अब केवल सहभागी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता राष्ट्र बन चुका है। देवासी ने बताया कि ऐसे ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर पर अव्यवस्था फैलाना, कार्यक्रम की गरिमा भंग करना और अंतरराष्ट्रीय मीडिया के समक्ष देश की छवि धूमिल करने का प्रयास करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने इस कृत्य को न केवल आयोजन का अपमान, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं के साथ भी खिलवाड़ बताया। सांसद लुम्बाराम चौधरी ने इस समूचे घटनाक्रम को पूर्व नियोजित बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि जब भी देश को वैश्विक मंच पर सम्मान और सराहना मिलती है, तब वह निराधार आरोपों, भ्रम फैलाने और अवरोध उत्पन्न करने का प्रयास करती है। चौधरी ने जी-20 शिखर सम्मेलन, सशस्त्र बलों की वीरतापूर्ण कार्रवाइयों और भारत की अंतरिक्ष एवं डिजिटल उपलब्धियों का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने सदैव सकारात्मक पहलों का विरोध किया है। उन्होंने बताया कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी स्थान की ओर बढ़ रहा है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने भारत की छवि को एक सक्षम, नवोन्मेषी और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा और रक्षा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में देश की उपलब्धियों को कमतर आंकना या अंतरराष्ट्रीय मंचों पर व्यवधान उत्पन्न करना, राजनीतिक संकीर्णता का परिचायक है।

भारत की प्रगति को रोकने का हर प्रयास विफल किया जाएगा: खत्री
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित को सर्वाेपरि मानती है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, परंतु राष्ट्रीय सम्मान और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा से समझौता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। देशहित के प्रश्न पर समस्त राजनीतिक दलों को एकजुट होकर सकारात्मक संदेश देना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *